गोरखपुर : माड़ापार के अखाड़े में दिखा कुश्ती का नया अंदाज, 120 साल पुरानी परंपरा हुई जीवंत
गोरखपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र के माड़ापार गांव में 120 वर्ष पुरानी कुश्ती परंपरा एक नए स्वरूप में नजर आई। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय इनामी दंगल में पहली बार पारंपरिक मिट्टी के अखाड़े पर ओलंपिक शैली के नियमों के अनुरूप पहलवानों के बीच मुकाबले कराए गए। इस दंगल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और दांव-पेच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों के उत्साह से अखाड़ा गूंजता रहा। आयोजकों ने इसे प्रदेश में अपनी तरह का पहला प्रयोग बताया।
कुश्ती संघ कुशीनगर के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह उर्फ दीपू सिंह के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद रमापति राम त्रिपाठी की उपस्थिति में ग्रामीण खेल परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को कुश्ती से जोड़ने का संदेश प्रमुखता से सामने आया। लगभग 120 वर्षों से माड़ापार में आयोजित हो रहा यह दंगल क्षेत्र की खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। बदलते दौर में भी इस परंपरा को बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में 50 से 61 किलोग्राम, 62 से 74 किलोग्राम, 75 से 86 किलोग्राम तथा 87 से 125 किलोग्राम के चार भार वर्गों में मुकाबले हुए। प्रत्येक भार वर्ग के विजेता के लिए 20 हजार रुपये, उपविजेता के लिए 11 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान के दो पहलवानों के लिए पांच-पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए थे। इस प्रकार चारों वर्गों में कुल 1.64 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि प्रत्येक दौर में पराजित होने वाले पहलवान को भी 500 रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य युवा पहलवानों का मनोबल बढ़ाना और प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के प्रयास को सम्मान देना था।
आयोजक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि माड़ापार में पीढ़ियों से मिट्टी के अखाड़े में पारंपरिक कुश्ती होती रही है, लेकिन इस बार मुकाबलों के नियमों में बदलाव किया गया। आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक कुश्ती में प्रचलित ओलंपिक शैली के नियमों को मिट्टी के अखाड़े में लागू करने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में इस तरह का प्रयोग उत्तर प्रदेश में पहली बार हुआ है। इसका उद्देश्य पहलवानों को पारंपरिक कुश्ती से जोड़े रखते हुए आधुनिक प्रतिस्पर्धा की तकनीकी बारीकियों से परिचित कराना है।
दीपक सिंह ने कहा कि पूर्व सांसद रमापति राम त्रिपाठी की अध्यक्षता और बृजभूषण शरण सिंह की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। आयोजन का उद्देश्य केवल विजेता तैयार करना नहीं, बल्कि कुश्ती की समृद्ध विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। कार्यक्रम का संचालन भारतीय कुश्ती संघ के कोच चंदविजय सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेलप्रेमी और विभिन्न अखाड़ों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

