home page

गीडा क्षेत्र में बोरे में मिली युवक की लाश, परिजनाें ने लगाया हत्या का आराेप

 | 

गोरखपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ इलाके में बोरे में बंद एक युवक का शव मिला। गले पर गहरे घाव के निशान थे और हाथ-पैर बंधे हुए थे। प्रथम दृष्टया स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर यहां फेंका गया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शव की शिनाख्त सहजनवां थाना क्षेत्र निवासी आदित्य साहनी के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्हाेंने बताया कि आदित्य एक दिन पहले अपने ननिहाल गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हरपुर बुदहट और गीडा थाना क्षेत्र के बीच यह शव बरामद हुआ है। जांच में यह बात सामने आई है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को बोरे में भरकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया था। मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे आशनाई (आपसी संबंध) का विवाद होने की आशंका जताई है। इस संबंध में परिजनों द्वारा 12 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग हत्या की इस वारदात से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय