home page

बच्चों को स्नेह के साथ संस्कार भी दें : श्रीजियर स्वामी

 | 
बच्चों को स्नेह के साथ संस्कार भी दें : श्रीजियर स्वामी


- भव्य भंडारे के साथ संपन्न हुआ श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ

अयोध्या, 30 मार्च (हि.स.)। राजघाट में श्रीजियर स्वामी की ओर से आयोजित 10 दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का समापन सोमवार को भव्य भंडारे के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

प्रवचन के दौरान श्रीजियर स्वामी ने कहा कि बच्चों को केवल स्नेह देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके भीतर संस्कार और अनुशासन का विकास करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक लाड़-प्यार बच्चों के भविष्य को बिगाड़ सकता है, इसलिए उम्र बढ़ने के साथ उनके साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए सही दिशा देना चाहिए।

स्वामीजी ने श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का उदाहरण देते हुए आत्मदेव और उनके पुत्र धुंधकारी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक लाड़-प्यार के कारण धुंधकारी अधर्म के मार्ग पर चला गया और उसका जीवन पतन की ओर बढ़ गया, जिससे परिवार भी संकट में आ गया।

आध्यात्मिक दृष्टिकोण स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जो नश्वर है उसे शाश्वत मान लेना और शाश्वत को नश्वर समझना ही अज्ञान है। गीता और रामचरितमानस के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने बताया कि संसार मोह की नींद में सोया रहता है, जबकि संयमी और साधक सच्चाई के प्रति जागरूक रहते हैं।

उन्होंने वैराग्य के वास्तविक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभाव या प्रतिक्रिया से उत्पन्न वैराग्य स्थायी नहीं होता। सच्चा वैराग्य वह है, जब सभी संसाधनों के बीच रहते हुए भी व्यक्ति उनके प्रति निर्लिप्त भाव रखे और मर्यादित जीवन जीए।

परिवहन मंत्री ने दी विदाई, बांटे प्रसाद

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने स्वामीजी के साथ सभी साधु-संतों एवं अतिथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा प्रसाद वितरण किया।

सभी पर बनी रहे श्रीलक्ष्मी नारायण की कृपा

कार्यक्रम में अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों के पुजारी एवं हजारों की संख्या में साधु-संत शामिल हुए। विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

स्वामीजी ने आयोजन की सफलता का श्रेय सभी भक्तों के सहयोग को देते हुए कहा कि सभी पर श्रीलक्ष्मी नारायण भगवान की कृपा बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश