एक्सपोजर विजिट के लिए ग्वालियर रवाना हुईं पीएमश्री बिन्दकी की छात्राएं
फतेहपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को पीएमश्री सोहन लाल द्विवेदी बालिका इंटर कॉलेज बिंदकी की छात्राओं का एक दल समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एक्सपोजर विजिट पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर के लिए रवाना हुआ। छात्राएं वहां रीजनल आयुर्वेद रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ-साथ पुरातत्व संग्रहालय और अन्य प्रमुख संस्थानों का भ्रमण करेंगी। भ्रमण दल का नेतृत्व प्रधानाचार्या किरन सचान कर रही हैं। उनके साथ प्रभारी नीलाक्षी त्रिपाठी, तपस्या गुप्ता, आशीष कुमार दीक्षित सहित अन्य शिक्षक शामिल हैं। छात्राओं से भरी बस को नगर पालिका परिषद बिंदकी की अध्यक्ष राधा साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से बेटियों के ज्ञान में वृद्धि होगी और उन्हें नए-नए क्षेत्रों को समझने का मौका मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

