सर्पदंश से बालिका की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के आराजी करजी गांव में शुक्रवार रात सर्पदंश से बालिका की मौत हो गई। शनिवार सुबह बालिका की मौत की जानकारी परिजन को हुई तो परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि शुक्रवार रात भोजन करने के बाद बालिका अपनी मां मनीता देवी के साथ छत पर सो रही थी। इसी दौरान किसी तरह वहां पहुंचे सांप ने उसके हाथ में डस लिया। परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए गाजीपुर स्थित सती माई के स्थान पर ले गए। वहां से लौटने के बाद बालिका की हालत बिगड़ गई और शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
बालिका की मौत के बाद परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव को गंगा में प्रवाहित करने के लिए ले गए। मृतका के परिजन मूल रूप से मनउर ग्राम पंचायत के बरवां निस्फ गांव के निवासी हैं। करीब छह वर्ष से आराजी करजी में मकान बनाकर रह रहे हैं। बालिका के पिता शिवप्रकाश बियार श्रमिक हैं और काम के सिलसिले में बंगलौर गए हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

