ट्रेलर की चपेट में आने से बच्ची की मौत
मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बामी गांव के पास शुक्रवार देर शाम ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार दस वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए शनिवार को वाराणसी ट्रामा सेंटर में भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बामी गांव निवासी रिजवान की बेटी मुन्नी अपनी बड़ी बहन नाजिया के साथ साइकिल से लहंगपुर की ओर जा रही थी। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर चालक ने तेज गति से वाहन मोड़ा, जिसकी चपेट में मुन्नी आ गई। नाजिया बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद परिजन ने हाईवे की 1033 एंबुलेंस से मुन्नी को मंडलीय अस्पताल मीरजापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। शनिवार को इलाज के दौरान मुन्नी ने दम तोड़ दिया। शव को सर सुंदरलाल अस्पताल, वाराणसी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मुन्नी अपने छह भाई-बहनों में चौथे नंबर की थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टेलर को कब्जे में लेकर मृतका के पिता रिजवान की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह ने बताया कि बच्ची की वाराणसी के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

