मनपसंद लड़के से शादी के लिए टेलीकॉम टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
कुशीनगर, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के बरवापट्टी थाना क्षेत्र स्थित चौबेया पटखौली गांव में मंगलवार सुबह एक युवती गांव के सेमरा टोला स्थित टेलीकॉम टावर पर चढ़ गई। युवती करीब दो घंटे तक टावर पर बैठी रही, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बरवापट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसके परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं, जबकि वह अपनी पसंद के युवक से विवाह करना चाहती है।
युवती की पहचान चौबेया पटखौली गांव निवासी नीता कुमारी, पुत्री गुलाब के रूप हुई। पुलिस उसे बरवापट्टी थाने ले गई, जहां पूछताछ में उसने बताया कि परिवार उसकी शादी किसी अन्य युवक से कराना चाहते हैं, जबकि वह अपनी पसंद के युवक से विवाह करना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए यह कदम उठाया।
क्षेत्राधिकारी जयंत कुमार यादव ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। युवती फिलहाल थाने में ही है और परिवार वालों को थाने बुला कर समझाकर आपसी सहमति से मामले का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

