गीडा में 3.42 करोड़ से बनेगी श्रमिकों के लिए आधुनिक लेबर डॉर्मिटरी, 29 नवंबर को मुख्यमंत्री करेंगे शिलान्यास
- किफायती दरों पर मिलेगा आवास और भोजन, पीपीपी मॉडल पर होगा संचालन
गोरखपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर-15 में आधुनिक लेबर डॉर्मिटरी बनाई जाएगी। करीब 3.42 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान करेंगे।
गीडा क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जिनमें पूर्वांचल के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से आए श्रमिक काम करते हैं। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ कामगारों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में उनके लिए आवासीय सुविधा विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल कुमार के मुताबिक, सेक्टर-15 स्थित साइट कार्यालय परिसर में उत्तर दिशा की ओर करीब 693 वर्ग मीटर भूमि पर जी-प्लस-टू भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसे श्रमिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां महिला और पुरुष कामगारों के लिए अलग-अलग आवासीय खंड, बेड, आधुनिक सामुदायिक रसोई, कॉमन डाइनिंग हॉल, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा परिसर में प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, मनोरंजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। महिला श्रमिकों की निजता और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस परियोजना का निर्माण गीडा अपने वित्तीय संसाधनों से कराएगा। निर्माण पूरा होने के बाद इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर देने की योजना है। गीडा प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले श्रमिकों को बेहतर आवास मिलेगा। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को कुशल और स्थायी श्रमशक्ति उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

