संजय सेतु पर छोटे वाहनों का आवागमन शुरू, बड़े वाहन चालकों में निराशा
बाराबंकी, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी-बहराइच-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाघरा नदी के ऊपर स्थित महत्वपूर्ण घाघरा घाट (संजय सेतु) पुल का मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद सोमवार को पुल से छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया। एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत कुमार मौर्य एवं इंजीनियर विपुल श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुल के दोनों ओर लगाए गए बैरिकेडिंग और गेट हटवाकर यातायात शुरु कराया गया।
पुल खुलते ही स्थानीय लोगों, मे कार, मोटरसाइकिल चालकों तथा अन्य छोटे वाहन चालकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। अब तक पीपा पुल के माध्यम से आवागमन कर रहे लोग सीधे संजय सेतु का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, जिससे समय और दूरी दोनों की बचत होगी। गौरतलब है कि पुल का मरम्मत कार्य दो दिन पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों की औपचारिक स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाओं के कारण यातायात बहाल नहीं हो सका था। सभी तकनीकी सुधार, सुरक्षा परीक्षण एवं निरीक्षण पूर्ण होने के बाद सोमवार को छोटे वाहनों के लिए पुल खोल दिया गया।
एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत कुमार मौर्य ने बताया कि फिलहाल मोटरसाइकिल, कार और अन्य हल्के वाहनों के लिए आवागमन शुरू किया गया है। पुल की स्थिति का कुछ दिनों तक परीक्षण और निगरानी करने के बाद बड़े वाहनों के संचालन की अनुमति भी प्रदान की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था और सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही पुल को यातायात के लिए खोला गया है। उल्लेखनीय है कि 16 अप्रैल को जिलाधिकारी के निर्देश पर संजय सेतु को मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया था। इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत घाघरा नदी पर बने पीपा पुल से छोटे वाहनों एवं स्थानीय यातायात का संचालन कराया जा रहा था। संजय सेतु के पुनः खुलने से बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती और बलरामपुर जनपदों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि बड़े वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों में निराशा देखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

