लखनऊ के गौतमपल्ली थाना प्रभारी लाइन हाजिर, कई और पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई
लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस कमिश्ररेट के थाना गौतमपल्ली के थाना प्रभारी रत्नेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पर पुलिस लाइन में तैनात विपिन सिंह को थाना का कार्यभार सौंपा गया हैं। इसके अलावा थाना में तैनात अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच की जा रही है, जिसके बाद उन पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
लखनऊ पुलिस आयुक्त की ओर से जारी किए गए पत्र में जानकारी दी गई कि गौतमपल्ली थाना प्रभारी रत्नेश कुमार सिंह को लाइन हाजिर करते हुए पुलिस लाइन भेजा गया है। उनकी जगह पर पुलिस लाइन में तैनात विपिन सिंह को गौतमपल्ली का थानाध्यक्ष बनाया गया है। गौतमपल्ली थाना पुलिस पर कथित वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। दो दिन पहले दाराेगा एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाए थे। उस व्यक्ति से ढाई लाख रुपये की वसूली का आरोप थाना पुलिस पर लगा है। मामले की जांच पुलिस कमिश्रर कार्यालय से करायी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया। इस मामले में कई और पुलिस कर्मियों के नाम को लेकर जांच चल रही है उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

