home page

गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ने किया गौशालाओं का निरीक्षण, दिए निर्देश

 | 
गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ने किया गौशालाओं का निरीक्षण, दिए निर्देश


फिरोजाबाद, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता एवं सदस्य रमाकान्त उपाध्याय ने शुक्रवार को जनपद फिरोजाबाद की विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने सदस्य रमाकान्त उपाध्याय के साथ सबसे पहले विकास खण्ड मदनपुर स्थित वृहद गौसंरक्षण केन्द्र, कारीखेड़ा का निरीक्षण किया। इस गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट एवं गोबर गैस प्लांट स्थापित पाया गया है। जिस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की गई। तत्पश्चात टीम द्वारा विकास खण्ड शिकोहाबाद की नावली एवं कान्हा गौशाला, जरौलीकला का निरीक्षण किया गया। जहाँ व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों से भी भेंट की। संस्था संचालक द्वारा बताया गया कि वह लगभग 350 बीघा भूमि पर नैपियर घास की बुवाई कर रहे हैं, जिसकी लागत लगभग 03 रुपये प्रति जड़ है, तथा इच्छुक गौशाला संचालकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सकती है। इस पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष द्वारा सुझाव दिया गया कि नैपियर घास को 1 रुपए प्रति जड़ की दर से उपलब्ध कराया जाए, जिससे लागत की आंशिक पूर्ति हो सके।

गौशालाओं के निरीक्षण उपरांत उन्होंने विकास भवन सभागार में जनपद की गौवंश संरक्षण एवं अनुश्रवण समिति के अधिकारियों, पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने गौशालाओं से संबद्ध चारागाह भूमि पर नैपियर घास के साथ-साथ मोरिंगा (सहजन) की बुवाई कराने, किसानों को भी फसलों की खेती हेतु प्रोत्साहित करने, जिससे वर्षभर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों के साथ हरे चारे हेतु अनुबंध करने, कारीखेड़ा गौशाला में स्थापित वर्मीकम्पोस्ट एवं गोबर गैस प्लांट मॉडल को जनपद की अन्य गौशालाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़