जौनपुर में घरेलू सिलेंडर से गैस चोरी करते दो आरोपित गिरफ्तार, वाहन, सिलेंडर व रिफलिंग मशीन बरामद
जौनपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के रामनगर भड़सरा में शुक्रवार को जिला पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध गैस चोरी के बड़े कारोबार का खुलासा किया है।पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने मौके से दो पिकअप वाहनों पर लदे 50 घरेलू गैस सिलेंडर और गैस रिफिलिंग के उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है ।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर भड़सरा स्थित स्वर्गीय चंद्रेश सिंह के आम के बाग में अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग की जा रही है। सूचना के आधार पर पूर्ति निरीक्षक सिरकोनी अर्चना सिंह, पूर्ति निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी, योगेंद्र यादव और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र कुमार की टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की । टीम के पहुंचते ही बाग में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान बाग में खड़ी दो मैजिक गाड़ियों के पास भारी मात्रा में इंडेन कंपनी के घरेलू सिलेंडर रखे मिले । मौके पर 'बांसुरी' (रिफिलर यंत्र) के जरिए एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस चोरी की जा रही थी । मौके से पकड़े गए चालकों की पहचान प्रवीण निवासी इटौरी बाजार (थाना सरायख्वाजा) और सत्येन्द्र कुमार निवासी गोधना (थाना लाइन बाजार) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे जौनपुर गैस सर्विस के गोदाम से सिलेंडर लोड करने के बाद बाग में लाकर गैस कटिंग और रिफिलिंग का अवैध धंधा करते थे । तौल करने पर अधिकांश सिलेंडरों में एक से तीन किलोग्राम तक गैस कम पाई गई । पूर्ति निरीक्षक सिरकोनी अर्चना सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उक्त सप्लाई टीम द्वारा माल और वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में जानकारी देते हुए पूर्ति निरीक्षक सिरकोनी अर्चना सिंह ने बताया कि दो पिकअप वाहन पर लदे 50 घरेलू गैस सिलेंडर एवं गैस रिफलिंग के उपकरण को बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा दी गई तहरीर पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

