home page

गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा

 | 
गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा


मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गड़बड़ा शीतला धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। दिनभर मंदिर परिसर जय मां शीतला के जयघोष से गूंजता रहा।

मीरजापुर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। भक्तों ने मां शीतला को फूल-माला, नारियल, चुनरी, हलवा-पूड़ी एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं, जिससे पूरे दिन दर्शन-पूजन व्यवस्थित ढंग से चलता रहा।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ भी प्राप्त किया। धार्मिक मान्यता है कि मां शीतला के नाबदान के जल का लेप करने से चेचक सहित संक्रामक रोगों से रक्षा होती है। इसी आस्था के कारण दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित कर श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी बुजुर्गों और महिलाओं की सहायता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा