home page

गैंगस्टर पर कसा शिकंजा, 3.30 करोड़ की संपत्ति कुर्क

 | 
गैंगस्टर पर कसा शिकंजा, 3.30 करोड़ की संपत्ति कुर्क


मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस-प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर रमेश चन्द ओझा और उसके गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों की करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये की अवैध अचल संपत्ति कुर्क कर दी।

नायब तहसीलदार सुरेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला और थाना विन्ध्याचल पुलिस टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में कंतित क्षेत्र के अमोई और बरकछा कला गांव स्थित भूमि शामिल है, जो अपराध से अर्जित बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर रमेश चन्द ओझा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के सदस्य राकेश कुमार सरोज और भागमनी देवी पर भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और माफिया गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा