वाराणसी में गंगा के किनारे घाटों पर फूल माला बेचने वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंतित हुई राज्य मंत्री
वाराणसी, 03 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने शुक्रवार को गंगा नदी के किनारे घाटों पर फूल माला बेचने वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। राज्य मंत्री रजनी तिवारी एक दिवसीय यात्रा पर वाराणसी के गंगा नदी में दर्शन पूजन के लिए आई और इस दौरान माला फूल बेचने वाले बच्चे दिखाई देने पर उनसे प्रारंभिक शिक्षा को लेकर बातचीत की। बच्चों की तरफ से स्कूल नहीं जाने के कारण बताए जाने पर रजनी तिवारी ने विभागीय अधिकारियों को बच्चों की शिक्षा का उचित प्रबंध करने के लिए कहा गया।
इस दौरान राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने नाव से अविनाशी काशी का विहंगम दृश्य देखते हुए गंगा की पूजा अर्चना की। बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता देखी और काशी घूमने आए पर्यटकों से भी वार्ता कर उनकी सुविधा असुविधा के बारे में जानकारी की। फूल माला बेंच रहे बच्चे की पढ़ाई लिखाई की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने बेसिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक गुणवत्ता को ठीक किया है। हमारे बेसिक विद्यालय में भी बेहतरीन शिक्षा दी जा रही है। ऐसे में घाटों पर फूल माला बेचने वाले बच्चे शिक्षा से अछूते ना रह जाए। इस कारण उन्हें नजदीक के बेसिक स्कूल से जोड़ना जरूरी है। बच्चों के अभिभावक से स्कूल के शिक्षक और अधिकारी वार्ता करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

