home page

गैंग लीडर वाहिद इकबाल की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

 | 
गैंग लीडर वाहिद इकबाल की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क


मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले की पुलिस प्रशासन ने रविवार को गैंग लीडर वाहिद इकबाल की एक करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई रविवार को की गई। थाना कोतवाली शहर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से संबंधित आरोपित नागकुंड गजिया कंतित निवासी वाहिद इकबाल की ग्राम कंतित स्थित करीब 600 वर्गफीट जमीन/मकान (आराजी संख्या 1602, रकबा 0.531 हे.) को कुर्क किया है। संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।

पुलिस रिकार्ड में वाहिद पर चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का कहना है कि अपराधियों व माफियाओं के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा