home page

कमालगंज की ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में उमड़ी भीड़

 | 
कमालगंज की ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में उमड़ी भीड़


फर्रुखाबाद, 25 सितंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रूखाबाद में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के गगनभेदी जयघोष के बीच कमालगंज का प्रसिद्ध गणेश महोत्सव शुक्रवार को विसर्जन के साथ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया। भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा को आकर्षक शोभायात्रा के साथ पांचाल घाट के लिए रवाना किया गया। विसर्जन यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब ने पूरे कस्बे को भक्ति, उल्लास और गुलाल के रंग में रंग दिया।

कमालगंज की मुख्य सड़क पर करीब चार से पांच किलोमीटर लंबी शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में सबसे आगे युवाओं की टोलियां डीजे की ध्वनि पर भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते चल रही थीं। उनके पीछे कमालगंज के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचीं बड़ी संख्या में महिलाएं भगवान गणेश को भावभीनी विदाई देती नजर आईं।

फूल-मालाओं से सजी गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। छतों और बालकनियों से श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। जगह-जगह अबीर-गुलाल उड़ाया और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया।

विशाल भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। शोभायात्रा के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ के बीच व्यवस्था संभालते रहे और शोभायात्रा को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे।

विसर्जन यात्रा के दौरान बार-बार गूंज रहे ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के नारों से माहौल भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भक्तिभाव के साथ बप्पा को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर आने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर