home page

कायमगंज में गणेश महोत्सव में श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा

 | 
कायमगंज में गणेश महोत्सव में श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा


फर्रुखाबाद, 18 सितंबर (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में गणेश महोत्सव के चौथे दिन फूलमती देवी मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिले। भगवान गणेश की आरती के बाद आयोजित गरबा और डांडिया कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि ने श्रद्धालुओं के साथ हिस्सा लिया। हाथ में डांडिया लेकर विधायक ने भक्तों संग गरबा नृत्य किया। मंदिर परिसर में देर तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की आरती से हुई। विधायक डॉ. सुरभि ने आरती कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गरबा और डांडिया शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विधायक ने गणेश उत्सव समिति की ओर से किए गए आयोजन और व्यवस्थाओं की सराहना की।

साहसी बालिका टीम की सदस्य सिल्की मिश्रा और खुशबू मिश्रा ने भी भगवान गणेश की आरती कर आशीर्वाद लिया। गणेश उत्सव कमेटी के सदस्यों मुकेश दुबे, मुकेश वर्मा, अमन वर्मा, अनिकेत भारद्वाज, अंकुर भारद्वाज, सागर, पारस, ऋषि भारद्वाज, वैष्णव रस्तोगी, प्रसून अग्रवाल, राहुल अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

गणेश महोत्सव को लेकर कायमगंज नगर में भी उत्साह का माहौल है।

नगर में करीब तीन दर्जन स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सुबह और शाम आरती के बाद अलग-अलग पंडालों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। देर रात तक श्रद्धालुओं के पंडालों में पहुंचने का सिलसिला जारी है।

उधर गणेशजी के भोग को लेकर मिठाई बाजार में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर