home page

मीरजापुरः गांधी-शास्त्री की जयंती पर जिलेभर में हुए विभिन्न कार्यक्रम

 | 
मीरजापुरः गांधी-शास्त्री की जयंती पर जिलेभर में हुए विभिन्न कार्यक्रम


- कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण, महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

मीरजापुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिलेभर में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

आयुक्त कार्यालय परिसर में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, अधिवक्ता, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और देशहित की भावना को अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू एवं राजस्व विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

उधर, जिले के थानों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में भी गांधी-शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम हुए। कई स्थानों पर स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवाओं और ग्रामीणों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा