फर्रुखाबाद: एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन ने किया अवकाश प्राप्त कर्नल सरनाम सिंह को सम्मानित
फर्रुखाबाद,25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में सेना के अवकाश प्राप्त कर्नल सरनाम सिंह राठौर के 94 वर्ष पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया पेन्शनर्स एसोसिएशन की फर्रुखाबाद इकाई की ओर से सम्मानित किया गया।
फतेहगढ़ के मोहल्ला सैनिक कालोनी निवासी कर्नल सरनाम सिंह का नाम किसी से छिपा नहीं है। वह अपने जीवन के 94 बसन्त देख चुके हैं। कर्नल श्री सिंह अपने पुत्र अनिल सिंह राठौर के साथ सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने चीन तथा पाकिस्तान की लड़ाई बहुत ही वीरता से साथ लड़ी हैं।
इस मौके पर स्टेट बैंक के पूर्व अधिकारी विजय अवस्थी ने कहा कि कर्नल साहब आज भी देश पर संकट आता देख दुश्मन से लोहा लेने के लिए तैयार हो जाते है। 94 साल पूर्ण करने के बाद भी कर्नल साहब की वही बुलन्दी चाल और आवाज को देख लोग उनकी सराहना करने में चूकते नहीं है। आज स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पेंशनर उन्हें सम्मानित कर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
इस अवसर पर पेंशनर्स एसोसिएशन कानपुर परिक्षेत्र के जोनल वाइस प्रेसिडेंट विजय अवस्थी ने बताया कि श्री राठौर भारतीय स्टेट बैंक फतेहगढ़ शाखा के बहुत पुराने खाताधारक भी हैं।हम उनकी समाज सेवा की सराहना करते हैं तथा उनके दीर्घायु होने की कामना भी कर रहे हैं।
इस अवसर पर समाज सेवी भूपेन्द्र सिंह, पेन्शनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र नाथ चतुर्वेदी, राजू टण्डन, राकेश अग्रवाल, विमल अग्निहोत्री, उमेश चन्द्र गुप्ता, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, राज बहादुर सिंह, देवेन्द्र सिंह लले, कैलाश बाबू मिश्रा, अनिल सिंह उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

