हॉस्टल से भागकर दिल्ली जा रहे चार नाबालिग लूसा स्टेशन पर पकड़े गए
- यात्रियों को बातचीत में हुआ शक, स्टेशन मास्टर ने खाना खिलाकर पुलिस को सौंपा
मीरजापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के एक आश्रम विद्यालय के हॉस्टल से बिना बताए भागकर दिल्ली जा रहे चार नाबालिगों को यात्रियों ने लूसा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। बरवाडीह-चुनार पैसेंजर ट्रेन में सवार बच्चों से बातचीत के दौरान यात्रियों को उनके दिल्ली जाने की बात संदिग्ध लगी। इस पर उन्होंने लूसा स्टेशन पर चारों को उतारकर स्टेशन मास्टर के सुपुर्द कर दिया।
स्टेशन मास्टर संजय कुमार ने बच्चों से पूछताछ की तो उन्होंने हॉस्टल के वार्डेन का मोबाइल नंबर बताया। वार्डेन से संपर्क करने पर पता चला कि शनिवार रात करीब 11 बजे चारों बच्चे हॉस्टल से बैग लेकर बिना बताए निकल गए थे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार चारों नाबालिग झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं और आश्रम विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इनमें दो बच्चे कक्षा छह, एक कक्षा पांच और एक कक्षा तीन में पढ़ता है।
स्टेशन मास्टर संजय कुमार और प्रयागराज कंस्ट्रक्शन के टेक्नीशियन दान बहादुर ने बच्चों को खाना खिलाया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए राजगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चारों को थाने लाकर उनके परिजनों को सूचना दी है।
राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि लूसा स्टेशन मास्टर ने चारों बच्चों को पुलिस के सुपुर्द किया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके हवाले किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

