home page

वन कानूनों की जानकारी देने गांव-गांव पहुंचेगा वन विभाग, लगेगी ग्रीन चौपाल

 | 
वन कानूनों की जानकारी देने गांव-गांव पहुंचेगा वन विभाग, लगेगी ग्रीन चौपाल


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। कैमूर वन्यजीव प्रभाग की प्रभागीय वनाधिकारी आरूषि मिश्रा ने शनिवार को हलिया ब्लाक सभागार में वन क्षेत्र से सटे गांवों के लोगों को वन संरक्षण और वन कानूनों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यजीव देश की अमूल्य धरोहर हैं और इनके संरक्षण में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। अनजाने में कानून का उल्लंघन करने से भी लोगों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है, इसलिए नियमों की जानकारी होना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने वन एवं काश्त भूमि के स्पष्ट सीमांकन की मांग उठाई। ग्राम पंचायत कुसियरा के प्रधान सुक्खी सिंह ने बताया कि सीमांकन स्पष्ट नहीं होने से कई बार ग्रामीणों और वन विभाग के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है।

इस पर प्रभागीय वनाधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में जल्द ही ग्रीन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्रामीणों को वन क्षेत्र की सीमाएं, वन कानूनों के प्रावधान और किन गतिविधियों से बचना चाहिए, इसकी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर अनावश्यक मुकदमों से बचाना और वन संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा