शाक, भाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी में पूर्वोत्तर रेलवे को सर्वाधिक 104 पुरस्कार
वाराणसी, 23 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजकीय उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की वाराणसी में कचहरी स्थित कम्पनी गार्डन में दो दिवसीय शाक भाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का समापन साेमवार काे हुआ। प्रदर्शनी में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की उद्यान इकाई ने प्रदर्शनी में सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए अपने पिछले वर्ष के 81 पुरस्कार के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए कुल 104 पुरस्कार प्राप्त किया। इसमें 38 प्रथम, 34 द्वितीय, 32 तृतीय पुरस्कार सहित गमले में लगे सदाबहार पौधे एवं गमले में लगे मौसमी फूल की श्रेणी में 2 रनिंग शील्ड प्राप्त किये।
प्रदर्शनी में वाराणसी रेलवे में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में वाराणसी मंडल की उद्यान टीम द्वारा बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त एस. राजलिंगम के कर कमलों द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे के लिए दो रनिंग शील्ड समेत 104 पुरस्कार मुख्य उद्यान निरीक्षक मुकेश कुमार ने प्राप्त किया। प्रदर्शनी में कुल 159 श्रेणियों में से 123 श्रेणियों में पूर्वोत्तर रेलवे ने अपने वनस्पति नमूने प्रदर्शन में लगाये थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

