लौट आए फूल किसान, सड़क पर दुकानें लगाकर शुरू की बिक्री
वाराणसी, 15 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के 1वाराणसी में मलदहिया से इंग्लिशिया लाइन मार्ग स्थित किसान फूल मंडी स्थल को 20 जनवरी को दूसरी बार सील किए जाने के बाद दर बदर भटके फूल किसान लौट आए हैं। उन्होंने मंडी के बाहर सड़क पर ही दुकानें लगाकर बिक्री शुरू कर दिया है। मंडी स्थल सील होने के कारण किसान दुकानदारों ने सड़क पर ही मंडी लगा ली है।
नगर निगम की शिकायत पर दो माह पूर्व में विशाल दुबे के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस बार विशाल दुबे के समर्थक किसानों ने दुकानों को लगाया है। किसान दुकानदारों की माने तो नगर निगम ने उन्हें जहां पर स्थान देने की बात कही थी, वह शहर के बाहर है। इसके कारण उनका फूल का मार्केट पूरी तरह से टूट गया। मलदहिया पर वह फिर से लौट आए हैं और सड़क पर ही मंडी लगा दी है। उनके पुराने ग्राहक भी उन्हें खोजते हुए यहां आ रहे हैं।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अनिल ने फूल मंडी के विषय स्पष्ट कर कहा कि फूल मंडी का मामला हाईकोर्ट में है। मंडी में वसूली की सूचना पर जनवरी में सील किया गया था। अभी भी मंडी सील है, सड़क पर फूल की बिक्री को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

