home page

संविदा लाइनमैन की मौत मामले में अधिशासी अभियंता समेत पांच कर्मचारी निलंबित

 | 
संविदा लाइनमैन की मौत मामले में अधिशासी अभियंता समेत पांच कर्मचारी निलंबित


सोनभद्र, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद सोनभद्र के कर्मा थाना क्षेत्र स्थित जोगिनी ग्राम पंचायत में गुरुवार को बिजली के पोल पर चढ़ कर विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहे संविदा लाइनमैन की करेंट की चपेट में आने से जिंदा जलकर मौत के मामले में अधिशासी अभियंता समेत पांच कर्मचारी निलंबित किये गए हैं।

उधर, मृतक का शव बीएचयू वाराणसी से समस्त औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद उसके निवास पर शुक्रवार देर रात पहुंचा। शनिवार को दोपहर आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में जुटकर घोरावल के खरूआँव ब्लॉक तिराहे पर एक पिकअप वाहन में शव रखकर लगभग दो घंटे तक रोड जाम कर दिया। इसके बाद मामला संज्ञान में आने के बाद यह कार्रवाई हुई तब जाकर परिजन शांत हुए।

बीसहार गांव निवासी संतोष (46) उपखंड क्षेत्र के बिसरेखी फीडर पर संविदा लाइनमैन था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे वह शट डाउन लेकर लोढ़ौउटा गांव में पोल पर चढ़ कर काम कर रहा था। उसने विभाग से शट डाउन करवाया था। लेकिन कार्य के दौरान किसी ने लाइन चालू कर दी। करेंट की चपेट में ​आकर लाइन मैन गंभीर रूप से जल गया। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने शनिवार को दोपहर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 25 लाख रुपये मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जामस्थल पर पहुंचे तहसीलदार प्रवीण सिंह और सीओ सदर राज सोनकर ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटवाया और मौके पर ही 25 हजार रुपये की सहयोग राशि दिया।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि इस घटना में जिम्मेदार अधिशासी अभियंता एसबी ठाकुर, उप मंडलाधिकारी कृष्ण नंदन और संबंधित अवर अभियंता शैलेष प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। संविदा पर कार्यरत सब स्टेशन अफसर अश्वनी कुमार एवं एक संविदा लाइनमैन राजेश कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को विभाग की तरफ से जो भी अनुमन्य है वह सहायता प्रदान की जाएगी।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी