home page

बारात चढ़ाते समय बग्गी में दौड़ा करंट, दो बैंडकर्मियों की मौत, एक घायल

 | 
बारात चढ़ाते समय बग्गी में दौड़ा करंट, दो बैंडकर्मियों की मौत, एक घायल


फिरोजाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार देर रात बरात चढ़ते समय बग्घी में हाइटेंशन लाइन का करंट दौड़ने से दो बैंडकर्मियों की मौत हो गई। वहीं एक झुलस गया। दूल्हे ने बग्गी से कूदकर जान बचाई। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है।

थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव दौलतपुर बैजुआ में सर्वेश वाल्मीकि की बेटी निशा की बारात मथुरा के फरह से आई थी। शनिवार रात बरात गांव में घूम रही थी। इसी दौरान प्राथमिक स्कूल के पास बग्घी का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की लाइन से छू गया।जिससे बग्घी में करंट दौड़ गया। उसमें लगे दो घोड़े और उन्हें पकड़ कर चल रहे दो बैंडकर्मी झुलस गए। जिससे बैंडकर्मियों के साथ ही दोनों घोड़ों की भी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूल्हे ने बग्गी से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना से बारात में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पहुंच गई। मृतक बैंडकर्मियों की पहचान पप्पू निवासी मियां बाजार और अकील निवासी नगला राधे थाना सिरसागंज के रूप में हुई है। घटना में एक अन्य बैंडकर्मी भी घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा है। घटना से शादी समारोह में चीखपुकार मच गई। हादसे के बाद सादगी के साथ शादी का आयोजन किया गया।

इस संबंध में निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घायल का उपचार हो रहा है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़