फिरोजाबाद के जिलाधिकारी पर आरोप लगाने वाली तहसीलदार ट्रांसफर, राजस्व परिषद लखनऊ से की गयीं संबंद्ध
फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के जिलाधिकारी और उनके कार्यालय में तैनात अधिकारियों पर भ्रष्टाचार व शोषण करने का आरोप लगाने वाली तहसीलदार राखी शर्मा को शासन ने शनिवार देर शाम राजस्व परिषद मुख्यालय से संबद्ध किया है। साथ ही कलैक्ट्रेट कर्मियों पर जिस जमीन को लेकर आरोप लगाए है उसकी जांच भी उच्चस्तरीय कराने के आदेश दिए है। लखनऊ
आगरा के बल्केश्वर निवासी तहसीलदार राखी शर्मा हाल ही में टूंडला तहसील में तैनात थी। उन्होंने गुरुवार देर रात्रि पत्रकारों से वार्ता कर जिलाधिकारी रमेश रंजन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे तथा कई माह तक वेतन रोकने का आरोप भी लगाया था। उनका कहना था कि उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने के बाद रात को कोषागार खुलवाकर वेतन जारी किया। आरोप यह भी लगाया था कि पिछले वर्ष नवंबर में उनसे पौने दो लाख रुपये का आई फोन खरीदकर मंगवाया गया। इसके साथ ही कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए थे तथा टूंडला निवासी युवक रंजीत गुप्ता पर मुकदमा भी दर्ज कराया था।
जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन ने अपने मीडिया ग्रुप में शनिवार देर रात जानकारी साझा करते हुए बताया कि तहसीलदार राखी शर्मा के विरुद्ध शासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से जिले से हटाकर राजस्व परिषद, लखनऊ संबद्ध किया है। इसके साथ ही जमीन संबंधी प्रकरण में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

