30 फीट गहरे कुएं में गिरा बैल, अग्निशमन टीम ने बचाई जान
मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र के बबुरा रघुनाथ सिंह गांव में शुक्रवार सुबह पोखरी बस्ती के पास 30 फीट गहरे पुराने कुएं में गिरे एक गोवंशीय पशु (बैल) को अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बैल को सकुशल बचाया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बबुरा कलां संपर्क मार्ग के किनारे स्थित जगतविहीन पुराने कुएं के पास चरते समय बैल अचानक कुएं में गिर पड़ा। कुएं में लगभग चार फीट पानी होने के कारण वह डूबने से बच गया। ग्रामीण प्रदीप दुबे ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी 8242 के कांस्टेबल जितेंद्र पटेल और होमगार्ड चालक अनंत सिंह ने स्थिति का जायजा लेकर अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सुबह करीब 11 बजे पहुंची अग्निशमन टीम के लीडिंग फायरमैन हेड कांस्टेबल सोहनलाल, चालक सुरेंद्र कुमार, फायरमैन ओमप्रकाश, अशरफ अली व प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों के सहयोग से रस्सियों के सहारे बैल को बांधकर ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने टीम का आभार जताया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

