बेकरी में आग से लगने से लाखों का नुकसान
औरैया, 01 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अजीतमल कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में स्थित मां वैष्णो बेकरी में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। तीन मंजिला मकान में संचालित बेकरी में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक प्रतिष्ठान का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लगभग 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रतिष्ठान मालिक सौरभ पोरवाल ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे शटर बंद कर आर्य नगर स्थित अपने घर चले गए थे। पड़ोसी ने फोन कर बताया कि बेकरी में आग लग गई।
सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज उदय प्रकाश सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग के एसआई देवेश तिवारी और उनकी टीम ने पड़ोसी मकान की छत पर चढ़कर तथा पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर पानी डाला। दमकल वाहन को बार-बार पानी भरकर लाना पड़ा। लगभग दो घंटे बाद काबू पाया जा सका। पुलिस व दमकल विभाग की तत्परता से आसपास के मकान सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।
पड़ोसी शिवगोविंद सेंगर के परिजनों ने बताया कि पटाखों जैसी आवाजें सुनकर बाहर निकलकर देखा तो मकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और संचालक को सूचना दी। बेकरी संचालक ने बताया कि आग लगने की वजह से लगभग 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

