इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग से लाखों का नुकसान
मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित चौबे टोला में बुधवार काे एक गाेदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियाें की मदद से आग पर काबू पाया।
कटरा कोतवाल बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि संतोष जैन के मकान में स्थित अरुण अग्रवाल के इलेक्ट्रॉनिक गोदाम है। उसमें बुधवार काे आग लग गई, जहां फ्रिज, एसी समेत अन्य उपकरण रखे थे। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मकान के पीछे की गली तक फैल गईं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग के चलते मकान की दीवारों और फर्श में दरारें पड़ गईं, वहीं आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए। पड़ोसी गोवर्धन गुप्ता के मकान को भी नुकसान पहुंचा, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने एहतियातन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कटरा कोतवाल बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फिलहाल पुलिस व संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

