केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, सिलिंडर फटने से मची अफरा-तफरी
गाजियाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में दीनानाथ पुरी पट्टी स्थित एक केमिकल बनाने की फैक्ट्री में शनिवार दोपहर दो बजे अचानक आग लग गई। इस फैक्ट्री में ऑक्सीजन कैन फीलिंग और पेंट का काम होता है। ऑक्सीजन के कैन और वहां रखे सिलिंडरों में आग लगने के कारण तेज धमाके हुए। सिलिंडर फटने से फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गाजियाबाद के मुख्य दमकल अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सूचना मिलने पर अग्निशमन दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ ने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 गाड़ियां लगाई गई थी। बमुश्किल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। यह एक राहत भरी खबर है कि फैक्ट्री में काम करने वाले किसी मजदूर को चोट नहीं आई। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

