फतेहपुर रेलवे स्टेशन का अपर मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण
-अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों की प्रगति व यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
फतेहपुर 04 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने फतेहपुर स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अमृत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों का गहनता से जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं, टिकटिंग व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुगम आवाजाही एवं सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर नव निर्मित 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज सहित अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे अन्य विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा कार्यस्थल पर संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में यात्री सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, संरक्षा तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर गति शक्ति यूनिट के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

