श्रावण शिवरात्रि और चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
महोबा, 28 जुलाई (हि.स.)।
यूपी के महोबा में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, शिवरात्रि पर्व और चेहल्लुम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को समय से दुरस्त करने के निर्देश दिए हैं। धर्मगुरुओं ने सहयोग का आश्वासन दिया है।
शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा को लेकर चरखारी से गौरहारी मार्ग को ठीक करने ,कबरई तिराहे से मटौंध मार्ग और किराड़ी फाटक से कबरई मार्ग के गड्ढे भरवाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यालय में नरसिंह कुटी के सामने और नेहरू बाल विद्या मंदिर का रोड सही कराने, झलकारी बाई तिराहे के पास पाइपलाइन को एक सप्ताह के अंदर ठीक कराने और कांवड़ यात्रा मार्गों को दुरुस्त कर सड़कों को मोटरेबल बनाए जाने और चेहल्लुम जुलूस रूट का निरीक्षण कर विद्युत के तारों को ठीक कराने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की।
धर्मगुरुओं ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में मौजूद सभी धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और आपसी भाईचारे के साथ दोनों पर्व मनाने का संकल्प व्यक्त किया। प्रशासन ने जनपदवासियों से आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व कुंवर पंकज, सीडीओ बलराम कुमार, सीएमओ डॉ. विनय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

