home page

पराली न जलाने के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

 | 
पराली न जलाने के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी


किसानों से फसल अवशेष न जलाने व पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील

फतेहपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने फसल अवशेष प्रबंधन योजनांतर्गत पराली न जलाने के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा कि फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, बल्कि उनका उचित प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है तथा भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है। इसके साथ ही मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल अवशेषों के निस्तारण के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्ध कृषि यंत्रों का लाभ उठाएं तथा पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों को अपनाएं। प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान तथा फसल अवशेष प्रबंधन के उचित उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार