home page

दो दिन से लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे मुरझाए

 | 
दो दिन से लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे मुरझाए


खेतों में भरा पानी, फसलों को भारी नुकसान फतेहपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में तीन दिन से लगातार हो रही भारी-बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलें सड़ कर बर्बाद हो रही हैं। धान की फसल हवा के झोंकों से गिर गई है। वहीं सब्जी की फसलें, तिल, अरहर ज्वार-बाजरा सहित अन्य फसलों को भी भारी नुकसान से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई पड़ने लगी है।

जिले में सब्जी की फसलों में लौकी, तरोई, करेला, चिचिड़ा, भिंडी, गोभी, की बहुतायत में की जाती हैं। इन फसलों को भारी नुकसान हुआ है ,वहीं धान, तिल, अरहर ज्वार-बाजरा की फसलों को भी बर्बाद हो गई हैं। दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने किसानाें की कमर तोड़ कर रख दी है।

प्रगतिशील किसान शैलेंद्र सिंह ने बताया कि भारी बारिश से किसानों की सभी फसलों को नुकसान पहुंचा है ।धान की फसलें गिर गई हैं। गोभी और मिर्च में पानी भर जाने से पौधों में सड़न आ गई है। किसान कोमल सिंह ने बताया कि तिल और अरहर के पेड़ भी खराब हो गए हैं । अभी तो बारिश जारी है जो थोड़ी बहुत फसले बचीं है, वह भी लगातार बारिश से नहीं बचेंगी क्योंकि बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार