home page

शिक्षा, अनुशासन व आत्मविश्वास से बनता है उज्ज्वल भविष्य-पुलिस अधीक्षक

 | 

फतेहपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं से संवाद किया। पुलिस कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, यह व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय के सदुपयोग का महत्व समझाया। साथ ही नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की सीख भी दी।

संवाद के दौरान छात्राओं ने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण और पुलिस सेवा से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं की सभी जिज्ञासाओं का सरल और प्रेरणादायी अंदाज में संतोषजनक जवाब दिया। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास न खोने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ रहने का संदेश दिया।

छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को धन्यवाद करते हुए कहा कि यह संवाद उनके लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी है। उन्हें अपने लक्ष्य को लेकर नई ऊर्जा और दिशा मिली है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार