home page

खाद्य विभाग की छापेमारी में 30 क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट, प्रतिष्ठान सीज

 | 
खाद्य विभाग की छापेमारी में 30 क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट, प्रतिष्ठान सीज


फतेहपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर 30 क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट कराई और मिष्ठान प्रतिष्ठान को सीज किया।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खागा तहसील के ग्राम सतनरैनी स्थित एक मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया गया। यह कारखाना बबलू पुत्र थान सिंह द्वारा संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान मौके पर अत्यंत अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिल्क केक, बर्फी, छेना रसगुल्ला का निर्माण होता पाया गया।

उप जिलाधिकारी खागा अश्वनी पांडेय ने बताया कि जांच से पता चला कि मिठाइयां दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से बनाई जा रही थीं। गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए। मौके से 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को सीज किया गया और लगभग 10 कुंतल दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया है।

इसी मिष्ठान भण्डार में रक्षाबंधन में बिक्री के लिए बनी मिठाई, जो पितांबरा कोल्ड स्टोरेज कोडरपुर में भंडारित की गई लगभग 20 कुंतल दूषित मिठाइयों को भी टीम ने नष्ट कराया गया है। इस प्रकार कुल 30 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट करवाई गई।

कारखाना संचालक को सुधार नोटिस (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी किया जा रहा है और आवश्यक सुधार होने तक कारखाने को बंद करा दिया गया है।

इस छापेमारी के दौरान क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह तथा खाद्य विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र व देवेश मिश्रा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार