फतेहपुर में चार करोड़ रुपये की ठगी कर दशरथ सोनी फरार, दो दर्जन से अधिक पीड़ित पहुंचे कोतवाली
फतेहपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में किसानों के साथ करोड़ों की ठगी कर फरार होने वाले ठग दशरथ सोनी के खिलाफ दर्जन भर लोगों ने सदर कोतवाली में जाकर शिकायत की है। पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मामले पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
सदर कोतवाली के पथरकटा चौराहे निवासी दशरथ सोनी पिछले 8 वर्षों से कोतवाली क्षेत्र के बिसौली चौराहे पर सोनारी की दुकान चलाता था और गांव-गांव घूमकर सोने-चांदी के जेवरात बेचने, पुराने जेवर खरीदने और गिरो-गांठ का काम करता था, अब सैकड़ों गरीब ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई लेकर फरार हो गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि दशरथ ने 8 सालों में लोगों के बीच विश्वास पैदा किया और फिर उसी विश्वास को हथियार बनाकर लूटने का काम किया। पिछले 15 दिनों से वह अचानक लापता है। न दुकान खोल रहा है, न किसी का फोन उठा रहा है। जब ग्रामीणों ने उसकी तलाश की तो पता चला कि वह रातों-रात ताला लगाकर भाग चुका है। लगभग 5 गांवों के सैकड़ों लोगों के लगभग 4 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी हड़प कर ले गया है। आज दो दर्जन से अधिक पीड़ित सदर कोतवाली पहुंचे और लिखित तहरीर देकर गुहार लगाई।
इस मामले पर कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी ग्रामीणों से शिकायती पत्र प्राप्त कर लिय गए हैं। जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी। पीड़ितों में पूनम देवी(बैरी गोविंदपुर थाना मालवा), इंदल परमा का पुरवा, राम लाल, कामता, चंद्रसेन (सुकेती) प्रेम, मिथलेश कुमार, रोहित, वीरेन्द्र कुमार, मेघनाथ, कमलेश, सुनील(सुधवा) सहित लोग शामिल रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

