लोहिया चिकित्सालय ने रचा नया इतिहास, ट्रॉमा सेंटर हुआ क्रियाशील, क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहली सफल सर्जरी
फर्रुखाबाद,25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के दूरदर्शी विजन, कुशल नेतृत्व एवं सतत विशेष प्रयासों से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर को क्रियाशील करते हुए ओपीडी एवं ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का विधिवत संचालन प्रारंभ कर दिया गया। इसी क्रम में क्रिटिकल केयर ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पहली जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहला सफल ऑपरेशन पड़ोसी जनपद हरदोई के नारायणपुर निवासी 18 वर्षीय राखी का किया गया, जो पिछले लगभग तीन वर्षों से सीने में गांठ की समस्या से पीड़ित थी। विभिन्न स्थानों पर उपचार के बावजूद राहत न मिलने पर परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में गठित चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीज की विस्तृत जांच की गई। इसके उपरांत सीएमओ के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों के परामर्श के बाद सर्जन डॉ. रोहित तिवारी ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। इसके बाद अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित क्रिटिकल केयर ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पहली ही सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है तथा चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि जनपदवासियों को महानगरों जैसी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके विशेष प्रयासों से ट्रॉमा सेंटर को क्रियाशील करते हुए ओपीडी एवं ओटी का संचालन शुरू कराया गया है, जिससे अब गंभीर एवं जटिल मरीजों को समयबद्ध उपचार की सुविधा जनपद में ही उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर एवं क्रिटिकल केयर ब्लॉक का संचालन जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे फर्रुखाबाद के साथ-साथ आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा जटिल सर्जरी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन एवं सतत चिकित्सकीय पर्यवेक्षण में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा, सर्जन डॉ. रोहित तिवारी, स्टाफ नर्स अनीता लाल, मेघा एवं मनोज सहित पूरी चिकित्सकीय टीम ने उत्कृष्ट समन्वय के साथ पहली सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की। ऑपरेशन के उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकीय टीम से मरीज की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पूरी टीम की कार्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों के साथ समर्पित चिकित्सकीय टीम के संयुक्त प्रयासों से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।
ट्रॉमा सेंटर के क्रियाशील होने तथा क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहली सफल सर्जरी के साथ जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है। यह उपलब्धि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के दूरदर्शी विजन, कुशल नेतृत्व एवं जनहित के प्रति सतत प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में गंभीर एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

