श्रावण मास में कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
फर्रुखाबाद, 23 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई । बैठक में सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़भाड़ वाले दिनों में आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाए तथा इसकी जानकारी समय रहते आमजन तक पहुंचाई जाए। साथ ही गंगा घाट पर कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा घाटों पर पर्याप्त अग्निशामक यंत्र लगाने, बिजली के पोलों को सुरक्षित कराने, विद्युत लाइनों की जांच कराने तथा चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा घाट पर बने पुल का नियमित निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव कराने के भी निर्देश दिए ।
बैठक में बताया गया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार और महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों से गंगाजल लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गोला गोकर्णनाथ रवाना होते हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों के समन्वय से व्यापक कार्ययोजना तैयार की है, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

