home page

फर्रुखाबाद में न्याय न मिलने से परेशान महिला ने लगाया मकान बिकाऊ का बोर्ड

 | 
फर्रुखाबाद में न्याय न मिलने से परेशान महिला ने लगाया मकान बिकाऊ का बोर्ड


फर्रुखाबाद, 21 जुलाई( हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में न्याय न मिलने से परेशान एक महिला ने मंगलवार काे अपने मकान पर मकान बिकाऊ का बोर्ड लगा दिया। थाना नवाबगंज क्षेत्र की गायत्री गली निवासी एक महिला ने दबंगों और पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर अपने घर के बाहर मकान व प्लॉट बिकाऊ है का पोस्टर लगा दिया। महिला का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह परिवार समेत पलायन करने के लिए मजबूर होगी।

पीड़िता किरन पत्नी आनंद कुमार के अनुसार उन्होंने करीब तीन माह पहले गांव बीरपुर में एक प्लॉट खरीदा था। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए ईंटों की नींव रखवाई गई थी, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने नींव तोड़ दी और वहां रखी ईंटें भी हटा दीं। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई।

महिला ने बताया कि उसने समाधान दिवस में जिलाधिकारी को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उसका आरोप है कि प्रशासन के निर्देश के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया। सोमवार को जब वह निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंचीं तो दोबारा विवाद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की, लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका।

मंगलवार को न्याय न मिलने से आहत महिला ने विरोध स्वरूप अपने घर के बाहर मकान व प्लॉट बिकाऊ है का पोस्टर लगा दिया। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबंगों का पक्ष ले रही है और कार्रवाई के नाम पर टालमटोल की जा रही है। महिला ने बताया कि पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे और दबंगों द्वारा जान से मारने की धमकी से डर लगने लगा है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि दो लोगों का शांति भंग में चालान किया जा चुका है। आरोपितों पर लगाये गए आरोपों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar