home page

फर्रुखाबाद: किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी

 | 
फर्रुखाबाद: किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी


फर्रुखाबाद,30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में किशोरी ने संदिग्ध परिस्थिति में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर निवासी अखिलेश गंगवार की पुत्री तन्वी(14) ने बुधवार देर रात किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। बेटी की गंभीर स्थिति देखकर उसकी मां आकांक्षा घबरा गईं और परिजनों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचीं।

अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजन ने उम्मीद नहीं छोड़ी और उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय फर्रुखाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोबारा परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

कोतवाल विनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar