home page

फर्रुखाबाद में बुढ़वा मंगल पर नीब करौरी धाम दर्शन करने आए पूर्व सैनिक की मौत

 | 
फर्रुखाबाद में बुढ़वा मंगल पर नीब करौरी धाम दर्शन करने आए पूर्व सैनिक की मौत


-पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेजा

फर्रुखाबाद, 22 सितंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में बुढ़वा मंगल पर नीब करौरी धाम में बाबा के दर्शन करने गए पूर्व सैनिक की मौत हो जाने पर परिवार में मातम छा गया। पड़ोसी जिला कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ की आवास विकास कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह यादव पत्नी वीना देवी, साली गुड्डी देवी, साढ़ू दीवान सिंह के साथ निजी कार से मंगलवार को थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में स्थिति नीब करौरी मंदिर पहुंचे। साढ़ू दीवान सिंह व साली गुड्डी देवी मेन गेट से बाबा के दर्शन करने मंदिर के अंदर चले गए। पैरालिसिस होने के कारण महेंद्र प्रताप सिंह भीड़ होने के कारण नहीं जा सके, वह पत्नी के साथ चौकी के पास बैठ गए।

चलने में असमर्थ होने के कारण महेंद्र प्रताप को मंदिर के पीछे वाले रास्ते से जाने की सलाह दी गई। महेंद्र सिंह हिम्मत करके बाबा के दर्शन करने के लिए पीछे वाले रास्ते से जाने लगे, तभी वह अचानक गिरकर बेहोश हो गए। पुलिस वालों ने तुरंत ही उन्हें अपने वाहन से सीएचसी मोहम्मदाबाद पहुंचाया। डॉ. अशोक शाक्य ने पूर्व सैनिक को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। थोड़ी देर बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर ताजपुर चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाहा ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि महेंद्र प्रताप सिंह को वर्ष 2011 में भी दिल का दौरा पड़ा था। उनका इलाज चल रहा था। महेंद्र प्रताप सिंह बाबा लक्ष्मण दास के परम भक्त थे। परेशानी होने पर वह बाबा के दर्शन करने के लिए जाते थे। महेंद्र प्रताप सिंह की मौत होने पर उनकी पत्नी वीना देवी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। ताजपुर चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाह ने बताया कि हनुमान अंश फिल्म बनने के बाद नीब करौरी धाम पर दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर