फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी ने बैठक में कहा निर्वाचन कार्य में लापरवाही की सहन नहीं
फर्रुखाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों को दुरुस्त करने के अभियान में फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फार्म-6 के वितरण से लेकर उन्हें प्राप्त करने और शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन तक प्रत्येक स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाए। निर्धारित लक्ष्य और समयसीमा में काम पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्म-6 का व्यापक स्तर पर वितरण कराया जाए, ताकि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि के आधार पर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों पर ध्यान दिया जाए, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें। फार्म-6 भरवाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि भरे हुए फार्म समय से वापस प्राप्त हों और उनका डिजिटाइजेशन बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। केवल फार्म वितरित कर देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं मानी जाएगी, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करना होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अभियान की नियमित समीक्षा करें और अधीनस्थ कर्मचारियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौर, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र सिंह, प्रशिक्षु एसडीएम संतोष प्रजापति सहित अन्य जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

