जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण, ऑपरेशन थिएटर के बाहर सर्जरी करने वाले चिकित्सकों की सूची चस्पा करने के निर्देश
फर्रुखाबाद, 30अगस्त (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ0अंकुर लाठर ने रविवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। महिला वार्ड, शिशु वार्ड एवं एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीडियाट्रिक वार्ड में स्थापना से संबंधित पदों पर आवश्यक तैनाती के लिए शासन को मांग पत्र तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक शासन स्तर से पदों पर तैनाती नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में महिला अस्पताल में तैनात पीडियाट्रिशियन स्टाफ का सहयोग लिया जाए, ताकि नवजात एवं बच्चों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विवेकाधीन कोष से एसएनसीयू के लिए आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति की कार्यवाही पूर्ण कराई जाए, जिससे गंभीर नवजात शिशुओं को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनमानस की सुविधा एवं पारदर्शिता के दृष्टिगत निर्देश दिए कि ऑपरेशन थिएटर के बाहर रोस्टर के अनुरूप सर्जरी करने वाले चिकित्सकों की सूची चस्पा की जाए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को संबंधित चिकित्सक के बारे में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

