जिलाधिकारी ने बैठक में जनगणना कार्य को बताया जिम्मेदारी, लापरवाही करने पर मिलेगा दंड
-16 से 29 नवंबर तक चलेगा 14 दिवसीय जागरूकता अभियान
फर्रुखाबाद, 14 नवंबर( हि.स.)।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जनपद के प्रत्येक परिवार को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए। सभी विभागाध्यक्ष पहले स्वयं स्व-गणना करें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित कराएं।
स्व-गणना की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में बताया कि 16 से 29 नवंबर तक 14 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
हर कार्यालय में नोडल अधिकारी, गांवों और वार्डों में खुलेंगे सहायता केंद्र
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित कर हेल्प डेस्क स्थापित कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में भी सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया में तकनीकी मदद दी जाएगी। विद्यालयों के जरिए भी अधिकाधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
एसई-आईडी, नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री पर स्व-गणना की तिथियों के साथ आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in का उल्लेख अनिवार्य रूप से हो। स्व-गणना कराने वाले प्रत्येक परिवार की एसई-आईडी (SE-ID) उसके नाम और मोबाइल नंबर के साथ दर्ज की जाए। प्रगणकों को क्षेत्र में आने वाली तकनीकी और मानचित्र संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के साथ अभियान की नियमित समीक्षा भी की जाए।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाने और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

