home page

आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम बर्षगांठ पर हुए विविध कार्यक्रम

 | 
आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम बर्षगांठ पर हुए विविध कार्यक्रम


फर्रुखाबाद, 08 मई (हि.स.)। उतर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में आपरेशन सिन्दूर की प्रथम वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन और स्टेशन कमाण्डर सिखलाई रेजीमेंट सेण्टर के ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन के निर्देशन में सिखलाई रेजीमेंट सेण्टर के मेजर पी. एन. कपूर और मेजर वी. एस. चन्देल ने संयुक्त रूप से आपरेशन सिन्दूर की 6 मई से लेकर 10 मई 2025 के दौरान किये गये आपरेशन और उसमें हमारी जल, थल और वायु सेना की बहादुरी के साथ पाकिस्तान के विभिन्न आतंकवादी संगठनों तथा उनके ठिकानों को तबाह कर पहलगाम अटैक का बदला लेने का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुतीकरण देकर सभी विद्यार्थियों को उसकी जानकारी दी।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में सयेदा बिलाल, कोटली गुलपुर, अब्बास कोटली, मरकाज टाइवा मुरिदके आदि लगभग 10 आतंकवादी ठिकानों पर आक्रमण कर हमने 102 आतंकवादियों को मार गिराया और उनके ठिकानों को तबाह कर दिया। उन्होंने पाकिस्तान के द्वारा किए गए उरी , मुम्बई, नगरोटा, दिल्ली में संसद भवन पर किये गये नापाक आतंकवादी हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब- जब पाकिस्तान के द्वारा भारत में सुख और शान्ति भंग करने का प्रयास किया गया तब- तब उसे अपने मुंह की खानी पड़ी है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संगीत शिक्षकों आस्तिकी मिश्रा, नैन्सी और आकर्ष के द्वारा एक देशभक्ति गीत तथा राष्ट्र गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की छात्रा अंशिका सिंह ने देशभक्ति गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। कक्षा 6 की छात्राओं के द्वारा किये गये ' हील आफ द वर्ल्ड ' गीत पर समूह नृत्य की सराहना की गई । मुख्य अतिथि की पायलिटिंग 12 यू पी एन सी सी बटालियन के कैडिट अखिल प्रताप और अनमोल दीक्षित ने की । मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन अनुराधा मुखर्जी और मोहिनी चतुर्वेदी ने किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar