home page

मीरजापुर में 28 पशुपालकों को मिला चयन पत्र, दो स्वदेशी गायों की डेयरी पर मिलेगा 80 हजार अनुदान

 | 
मीरजापुर में 28 पशुपालकों को मिला चयन पत्र, दो स्वदेशी गायों की डेयरी पर मिलेगा 80 हजार अनुदान


- डेयरी कॉन्क्लेव में लाभार्थियों को योजनाओं की दी गई जानकारी, 14 महिलाएं भी चयनित

मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित डेयरी कॉन्क्लेव में 28 चयनित लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए गए। इनमें 14 महिला और 14 पुरुष पशुपालक शामिल हैं।

कार्यक्रम में लाभार्थियों को उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों के पालन, पशु रोगों की रोकथाम, डेयरी प्रबंधन तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के तहत दो स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर पात्र लाभार्थियों को 40 प्रतिशत या अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

नंद बाबा दुग्ध मिशन के नोडल अधिकारी मनोज दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वदेशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के साथ ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने चयनित लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर डीसी मनरेगा श्वेतांक सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी संदीप सिंह, बीएचयू के पशु विज्ञान एवं पशु संकाय विभाग के प्रोफेसर धनंजय सिंह सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा