मीरजापुर के 35 गांवों के किसानों को जमीन के बदले मिलेगा चार गुना मुआवजा
- विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर क्रय कमेटी की बैठक में निर्णय
मीरजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों को सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार को मीरजापुर जिले की तहसील चुनार सभाकक्ष में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की ओर से गठित क्रय कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक में चुनार तहसील क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे से प्रभावित 35 गांवों के काश्तकारों को जमीन की दर और सर्किल रेट के संबंध में जानकारी दी गई। कमेटी ने भूमि की प्रकृति के आधार पर सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा निर्धारित करने पर सहमति जताई।
इसके अलावा अधिग्रहण की जद में आने वाले भवनों और अन्य संरचनाओं का मूल्यांकन वर्तमान दर के आधार पर कर भुगतान करने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया और मुआवजा निर्धारण को लेकर भी जानकारी साझा की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, उपनिबंधक चुनार, लोक निर्माण विभाग के अभियंता और लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

