home page

लखीमपुर खीरी में आग से किसान की दो एकड़ गेहूं की फसल खाक

 | 
लखीमपुर खीरी में आग से किसान की दो एकड़ गेहूं की फसल खाक


-बिजुआ के ग्राम बहादुरनगर का मामला, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

- क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर तहसील प्रशासन को भेजी रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी की शुरुआत और तेज हवाओं के बीच खेतों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के बिजुआ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहादुरनगर के मजरा सेमरिया में अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक किसान की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया। इस अग्निकांड में किसान की लगभग दो एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

रविवार दोपहर सेमरिया और रामालक्षना गांव के बीच स्थित खेतों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें सेमरिया निवासी विवेक कुमार पुत्र ईश्वर दयाल के खेत से उठती देखी गईं। आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने के कारण सूखी फसल ने आग पकड़ ली, जो तेज हवा के कारण देखते ही देखते विकराल हो गई।

खेतों से धुआं और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने निजी संसाधनों और पंपिंग सेट की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पड़ोसी खेतों में फैलने से रोका जा सका, लेकिन तब तक विवेक कुमार की दो एकड़ फसल नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित किसान विवेक कुमार ने बताया कि फसल पककर तैयार थी और कुछ ही दिनों में कटाई होनी थी, लेकिन इस दैवीय आपदा ने उन्हें आर्थिक रूप से तोड़ दिया है। उन्होंने प्रशासन से सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता की मांग की है। क्षेत्रीय लेखपाल शिल्पा सिंह ने मौके का मुआयना किया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को प्रेषित कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव